
आगरा। शहर में शनिवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। सुबह घना कोहरा छाने से वाहनों की गति पर ब्रेक लग गया। आगरा एयरफोर्स स्टेशन पर शून्य और ताजमहल पर 30 मीटर की दृश्यता रही। कोहरा छंटने के बाद धूप निकल आई। दिनभर धूप निकलने से ठंड से शहरवासियों को राहत मिली।
अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग ने रविवार को घने कोहरे के साथ अधिकतम तापमान में गिरावट आने का पूर्वानुमान जताया है। रविवार की सुबह धूप के साथ हुई लेकिन गलन ने लोगों को बेहाल किया।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में आई गिरावट
पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते शीत लहर में कमी आई है, जिससे शहरवासियों को कुछ हद तक ठंड से राहत मिली है। शुक्रवार-शनिवार की रात न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से शनिवार सुबह गलन रही। शहर के खुले क्षेत्रों, हाईवे, बाइपास और यमुना किनारा पर कोहरे की चादर छाई रही।
दृश्यता शून्य रहने से वाहनों की गति पर लगा ब्रेक
कोहरा, पानी की बूंदों के समान टपकता हुआ दिखा। धूप निकलने पर कोहरा छंट गया। इसके बाद दिनभर धूप निकली, जिससे ठंड से कुछ राहत मिली। शाम ढलने के बाद तापमान में गिरावट आने से गलन फिर बढ़ गई। अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
सामान्य से अधिकतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक और न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस रहा था।
मौसम का ये है पूर्वानुमान
मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि आगामी 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि देखने को मिलेगी। घना कोहरा छा सकता है। धूप देर से निकलने की वजह से ठंड हो सकती है। कोहरे में 20 जनवरी से कमी आएगी। इसके बाद 22 व 23 जनवरी को बूंदाबांदी हो सकती है।
