क्या सर्दियों में बेजान हो रहे आपके बाल? बिल्कुल न करें ये गलतियां, जो छीन सकती हैं आपके बालों की चमक..

क्या सर्दियों में बेजान हो रहे आपके बाल? बिल्कुल न करें ये गलतियां, जो छीन सकती हैं आपके बालों की चमक..

Hair Care Tips: आपने नोटिस किया होगा कि सर्दियों में बाल बेजान हो जाते हैं. लेकिन इसका असल कारण समझ नहीं चलता. दरअसल इस मौसम में बालों की सही देखरेख नहीं होने पर अक्सर लोग हेयर फॉल और बालों के पतले होने की शिकायत करते हैं. आयुर्वेद और साइंस दोनों ही इस बात पर सहमत है कि बालों की हेल्थ के लिए सही पोषण, नमी और ब्लड सर्कुलेशन बेहद जरूरी होता है.

ऊनी टोपी और मफलर का बालों पर असर
सर्दियों में लोग ऊनी टोपी और मफलर पहनते हैं ताकि ठंड से बच सकें, लेकिन यह बालों के लिए एक गुप्त खतरा भी बन जाती है. लंबे समय तक ऊनी टोपी पहनने से बालों में रगड़ पैदा होती है, उलझन बढ़ती है और टूटने की संभावना भी बढ़ जाती है. इसका असर इतना होता है कि बालों की लंबाई धीमी हो जाती है और वे कमजोर महसूस होने लगते हैं.

धूप कम होने पर बालों पर असर
सर्दियों में धूप का कम होना भी बालों की ग्रोथ पर असर डालता है. विज्ञान के अनुसार, सूर्य की किरणों से मिलने वाला विटामिन-डी बालों के रोमों को सक्रिय करता है. सर्दियों में अक्सर धूप कम निकलती है और लोग घरों में बंद रहते हैं.

विटामिन डी बालों के लिए जरूरी
इसके चलते विटामिन डी की कमी हो जाती है और बालों की जड़ों तक पोषण नहीं पहुंच पाता. नतीजा ये होता है कि बाल धीरे-धीरे बढ़ते हैं और झड़ने की समस्या बढ़ जाती है. आयुर्वेद में भी यह माना गया है कि सूर्य की हल्की धूप बालों की ऊर्जा और मजबूती के लिए जरूरी है. इसलिए विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि सर्दियों में थोड़ी देर भी सही, रोजाना धूप में बैठना बालों के लिए लाभकारी होता है.

ड्राई हेयर बालों के लिए नुकसानदायक
शुष्क हवा भी इस मौसम में बालों की वृद्धि में बाधा डालती है. सर्दियों में हवा में नमी बहुत कम होती है, जो बालों की प्राकृतिक नमी को छीन लेती है. इससे बालों की जड़ें कमजोर हो जाती हैं और टूटने की संभावना बढ़ जाती है. सिर की त्वचा भी शुष्क हो जाती है, जिससे पोषण की कमी होती है और बाल जल्दी नहीं बढ़ते. एक शोध में बताया गया है कि कम नमी वाली हवा बालों के स्ट्रक्चर को कमजोर करती है और उन्हें पतला बना देती है.

गर्म पानी से नहाने का असर
सर्दियों में गर्म पानी से नहाना भी बालों के लिए खतरा बन जाता है. ठंड से बचने के लिए लोग लंबे समय तक गर्म पानी से नहाते हैं, लेकिन यह बालों के प्राकृतिक तेलों को हटाकर उनके क्यूटिकल्स को नुकसान पहुंचाता है. इसके कारण बाल कमजोर हो जाते हैं, जल्दी टूटते हैं और पतले होते चले जाते हैं. साथ ही ड्रायर और स्ट्रेटनर जैसे गर्म उपकरणों का अधिक इस्तेमाल बालों की बढ़त को धीमा कर देता है और उनकी मजबूती घटाता है.

ब्लड सर्कुलेशन
रक्त संचार में कमी भी सर्दियों में बालों की ग्रोथ पर असर डालता है. ठंडी हवा की वजह से सिर की त्वचा की रक्त वाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं और जड़ों तक पर्याप्त ऑक्सीजन और पोषक तत्व नहीं पहुंच पाते. आयुर्वेद में इसे भी बालों की कमजोरी का कारण माना गया है. इस वजह से बाल बीच से टूटने लगते हैं, झड़ते हैं, और लंबे समय तक स्वस्थ नहीं रहते.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *