
UP Rain Alert: यूपी में ठंड की विदाई की उम्मीद पर एक बार फिर पानी फिरने जा रहा है. मौसम विभाग ने इस बार जो अलर्ट जारी किया है, वह टेंशन बढ़ाने वाला है. आईएमडी के मुताबिक 22 से 25 जनवरी के बीच यूपी में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. यूपी के कई जिलों में आज सुबह के समय घने कोहरे के चलते यात्रा करने में परेशानी हो सकती है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 जनवरी के मौसम को लेकर ताजा अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में घना से अत्यंत घना कोहरा छाने की आशंका है, जिससे दृश्यता बहुत कम होकर शून्य के करीब पहुंच सकती है.
आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम?
मुताबिक 20 जनवरी को पश्चिमी यूपी के साथ पूर्वी यूपी में आसमान साफ होगा. उत्तर प्रदेश में मौसम फिर करवट लेगा. 23 जनवरी से पूर्वी-पश्चिमी यूपी में 30–40 किमी/घंटा की तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है. 20–22 जनवरी तक मौसम साफ रहेगा. तापमान में 1–3 डिग्री का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. आज कोहरे के कारण सुबह और रात के समय विजिबिलिटी बेहद कम रहने का अनुमान है.
आने वाले दिनों में बारिश का अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दो-तीन दिनों में मौसम का मिजाज फिर बदल सकता है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से बारिश की संभावना है. वर्षा के बाद चलने वाली ठंडी हवा तापमान में गिरावट लाएगी. भारतीय मौसम विभाग की ओर से मिले लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, 23 जनवरी से यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही संभाग में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. यह दौर दो दिनों तक दोनों ही संभाग में देखने को मिलेगा. इस दौरान बादलों के गड़गड़ाहट की आवाज सुनाई देगी.
लखनऊ-नोएडा का मौसम
20 जनवरी 2026 को लखनऊ में सर्दी अपने पूरे असर में नजर आएगी. लखनऊ में मंगलवार को आसमान साफ होगा.आज यहां खिली धूप के कारण लखनऊ वालों को ठंड से भी राहत मिलेगी. आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास होगा. नोएडा में भी आसमान साफ रहने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक आज यहां न्यूनतम तापमान 8 और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा.मौसम विभाग का अनुमान है कि 23 जनवरी को नोएडा में भी बादल छाएंगे और यहां बारिश से मौसम बदलेगा.
कोहरे की चादर में लिपटे रहेंगे ये जिले
उत्तर प्रदेश के 20 जिलों और उनके आस-पास के क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें पीलीभीत, बरेली, इटावा, शाहजहांपुर, मैनपुरी, फिरोजाबाद, आगरा, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थ नगर, महाराजगंज, कुशीनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर और देवरिया शामिल है.
कहां रहेगा ज्यादा असर?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी यूपी और नेपाल से सटे तराई बेल्ट वाले जिलों में कोहरे का घनत्व अधिक रहेगा. पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण फिलहाल गलन वाली ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने आम लोगों के लिए चेतावनी जारी की है. हाईवे पर गाड़ी चलाते समय फॉग लाइट और इंडिकेटर्स का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें. साथ ही बुजुर्गों और बच्चों को खासतौर से ठंड से बचाने की सलाह दी गई है.
