
Kashmir Terrorism: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकी ठिकानों का नया भंडाफोड़ हुआ है. यहां पाकिस्तान समर्थित जैश ए मोहम्मद से जुड़े आतंकियों ने लंबे समय तक रुकने की प्लानिंग की थी. इसके लिए उन्होंने एक मजबूत बंकर बनाया था, जिसे बाहर से पत्थरों से आड़ देकर सुरक्षित किया गया था. इसके साथ ही बंकर के अंदर महीनों के लिए पर्याप्त खाने-पीने का भंडार रखा था. इससे साफ संकेत मिलता है कि वे लंबे समय तक छिपने की तैयारी में थे.
आतंकियों ने किया बंदोबस्त
सेना ने काउंटर टेरर ऑपरेशन के बाद इस बंकर को ध्वस्त किया. इस दौरान एक कमांडो शहीद हो गया और कई घायल हो गए. बंकर के अंदर से सुरक्षाबलों को लगभग 50 पैकेट नूडल्स, आलू-टमाटर से भरा एक पूरा क्रेट, 15 तरह के मसाले, 10 किलो बासमती चावल और गेहूं-बाजरे समेत दाल के बोरे मिले. इसके साथ ही 2 बड़े आकार के LPG सिलेंडर. सूखी लकड़ियां और बर्नर बरामद किए. इस दौरान आतंकियों के साथ हुई गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हुए एक पैराट्रूपर की मौत हो गई.
सुरक्षाबल ने चलाया अभियान
सुरक्षाबल जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिलें में स्थित ऊपरी इलाकों में आतंकियों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान चला रही है. इसको लेकर तीसरे दिन भी कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया. यह अभियान चतरू इलाके में मन्द्राल-सिंहपुरा के समीप रविवार 18 जनवरी 2026 से चलाया गया था. इस दौरान छिपे हुए आतंकियों की ओर से किए गए ग्रेनेड हमले में 1 पैराट्रूपर शहीद हुआ और 7 घायल हो गए. आतंकी घने जंगल में भाग गए हैं, लेकिन उनकी सारी खाने-पीने की चीजें, बर्तन-कंबल और बड़ी मात्रा में सर्दियों का सामान रखे उनके ठिकाने का भंडाफोड़ किया गया.
चतरू में ऑपरेशन त्राशी-1
घटना को लेकर सेना की व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी दी है. इसमें बताया कि चतरू में ऑपरेशन त्राशी-1 जारी है. घेराबंदी और कड़ी कर दी गई है और तलाशी अभियान का दायरा बढ़ा दिया गया है.’ बताया जा रहा है कि घाटी में पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 2-3 आतंकी समूह घूम रहे हैं. वहीं जम्मू जोन के पुलिस इंसपेक्टर जनरल भीम सेन तुती और CRPF के जम्मू इंस्पेक्टर जनरल आर गोपाल कृष्ण राव समेत सीनियर ऑफिसर्स भी मुठभेड़ वाली जगह पर पहुंच गए. अभियान की निगरानी करने के लिए वे वर्तमान में कई आर्मी ऑफिसर्स के साथ वहीं डेरा डाले हुए हैं.
