छाता, रेनकोट रखो तैयार! यूपी में आंधी, बारिश और ओलों का अलर्ट..


Lucknow Rain Alert News: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. मौसम विभाग की मानें तो 23 जनवरी से अगले दो-तीन दिन लखनऊ समेत यूपी के कई इलाकों तेज हवाओं के साथ साथ बारिश और ओले पड़ सकते हैं.

पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी के चलते ठंडी हवाएं फिर से मैदानों की ओर बढ़ रही हैं. इसका सीधा असर उत्तर प्रदेश के तापमान पर पड़ेगा और गलन एक बार फिर बढ़ सकती है. उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं. लोगों को ठंड, बारिश और तेज हवाओं से सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि मौसम का यह बदला हुआ रंग रोजमर्रा की जिंदगी के साथ-साथ खेती और यातायात पर भी असर डाल सकता है.

लखनऊ का मौसम
राजधानी लखनऊ में 22 जनवरी गुरुवार को सुबह मौसम साफ रहा और धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत महसूस हुई. यहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं वायु गुणवत्ता की बात करें तो लखनऊ में बीते दो दिन से हवा के स्तर में सुधार हुआ है. गुरुवार शाम लखनऊ का औसत AQI 332 दर्ज किया गया.

पश्चिमी यूपी से बारिश का आगाज
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पश्चिमी हवा की दिशा में बदलाव के कारण तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि पश्चिमी यूपी में बारिश की शुरुआत हो सकती है, जो पूरे प्रदेश, खासकर पूर्वी यूपी तक फैल सकती है. अगले 2 दिन तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है.

बारिश और ओलों से भीगी-भीगी सर्दी
मौसम विभाग की मानें तो 23 जनवरी को लखनऊ में बारिश और ओले पड़ सकते हैं तो वहीं दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहने का अनुमान है. हालांकि दिन में धूप निकलेगी लेकिन शाम तक मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. बादल छाएंगे और तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश और ओले पड़ सकते हैं. मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.

यूपी के सबसे ठंडे जिले
पिछले 24 घंटों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो मुजफ्फरनगर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां रात का तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके बाद बरेली में 6.3 डिग्री, मेरठ में 7.1 डिग्री, अयोध्या में 7.5 डिग्री और कानपुर में 7.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ.

इन जिलों में चलेगी आंधी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लखनऊ सहित 42 जिलों में आंधी की संभावना है. इनमें गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, उन्नाव, बाराबंकी, सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर जैसे जिले शामिल हैं.

बारिश लाएगी किसानों के लिए खुशहाली
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह बारिश गेहूं, मसूर और चना की फसल के लिए लाभकारी साबित हो सकती है, क्योंकि इससे मिट्टी में नमी बढ़ेगी. हालांकि सरसों और आलू की फसलों को नुकसान की आशंका है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम अपडेट पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *