बारिश-बर्फबारी-ओलों से सबकुछ रुकाः बर्फ ने ढंका सबकुछ, फ्लाइट्स कैंसिल, वैष्णो देवी यात्रा रुकी..


देहरादून/चंडीगढ़/शिमला/जयपुर। उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से मौसम बदल गया है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में देर रात से बारिश हो रही है। तेज हवाएं चल रही हैं। कई जिलों में तापमान घट गया है।

हिमालय के राज्यों में भी बारिश-बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। हिमाचल के शिमला-मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इससे साढ़े तीन महीने से चल रहा ड्राई स्पेल खत्म हो गया है।

जम्मू-कश्मीर के मैदानी और पहाड़ी जिलों में बर्फबारी जारी है। श्रीनगर एयरपोर्ट पर 4 इंच तक बर्फ जम गई है, इसके कारण शुक्रवार के लिए सभी फ्लाइट कैंसिल कर दी गई हैं। श्रीनगर-जम्मू हाईवे भी बंद है।

अधिकारियों ने मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में 2,300 मीटर से ऊपर हाई-डेंजर लेवल के एवलॉन्च की चेतावनी जारी की है। वहीं, डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, रामबन और उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा सहित जिलों में 2,500 मीटर से ऊपर हाई-डेंजर लेवल के एवलॉन्च की चातवनी दी है।

नवयुग टनल के पास ट्रैफिक रोक दिया गया है। मुगल, सिंथन रोड भी बंद हैं। कटरा में बर्फबारी के कारण वैष्णो देवी यात्रा रोक दी गई है। राजौरी, पुंछ और कठुआ में स्कूल बंद हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, 26 जनवरी को दूसरा स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इससे उत्तर भारत के 9 राज्यों में बारिश और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ या वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, पश्चिम से आने वाली हवा और बादलों का एक सिस्टम होता है। इसके एक्टिव होने से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में बारिश होती है। तापमान में गिरावट, पाला और कोल्डवेव के हालात बनते हैं।

जम्मू कश्मीर पुलिस ने बर्फबारी में फंसे 12 लोगों को बचाया
जम्मू-कश्मीर में उधमपुर पुलिस ने बर्फबारी में फंसे महिलाओं और बच्चों समेत 12 लोगों को सफलतापूर्वक बचा लिया। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोग चोचरू गल्ला इलाके में खराब मौसम के कारण फंस गए थे।

चोचरू गल्ला इलाके से लगभग 12 किलोमीटर दूर संघ में पुलिस पोस्ट को एक इमरजेंसी कॉल मिली। इसके बाद अधिकारियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। उधमपुर पुलिस अधिकारियों को उस इलाके तक पहुंचने में तीन घंटे लगे जहां स्थानीय लोग फंसे हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *