बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे, वसंत पंचमी पर तिथि घोषित..


देहरादून: बदरीनाथ धाम के कपाट आगामी 23 अप्रैल को विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। वसंत पंचमी के पावन अवसर पर बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि की आधिकारिक घोषणा की गई।

इससे पूर्व बृहस्पतिवार को डिम्मर गांव से डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के सदस्य भगवान बदरीविशाल का गाडू घड़ा लेकर ऋषिकेश के लिए रवाना हुए। शुक्रवार को गाडू घड़ा लेकर डिमरी पुजारी नरेंद्रनगर राजदरबार पहुंचे, जहां परंपरागत विधि से कपाटोद्घाटन की तिथि घोषित की गई। भगवान बदरीविशाल के कपाट 23 अप्रैल को प्रातः 6:15 बजे ब्रह्म काल मुहूर्त में खोले जाएंगे। वहीं गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा 7 अप्रैल से प्रारंभ होगी।

बृहस्पतिवार सुबह श्री लक्ष्मी-नारायण मंदिर, डिम्मर में डिम्मर गांव के पुजारी टीका प्रसाद डिमरी एवं आचार्यों ने विष्णु सहस्त्रनाम और नामावलियों के साथ भगवान एवं गाडू घड़ा का महाभिषेक कर बाल भोग अर्पित किया। इसके पश्चात गाडू घड़ा को मंदिर की परिक्रमा कराई गई और भगवान बदरीविशाल के जयकारों के साथ यात्रा रात्रि प्रवास के लिए ऋषिकेश रवाना हुई।

वसंत पंचमी के दिन प्रातः गाडू घड़ा लेकर डिमरी पुजारी ऋषिकेश से नरेंद्रनगर राजदरबार पहुंचे। यहां महाराजा मनुजेंद्र शाह ने पंचांग पूजन के उपरांत भगवान बदरीविशाल के कपाट खुलने की तिथि, महाभिषेक में प्रयुक्त होने वाले तिल के तेल को पिरोने तथा गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा की तिथियों की घोषणा की।

उल्लेखनीय है कि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के दिन खोले जाते हैं, जिसकी तिथि 19 अप्रैल बताई गई है। जबकि केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि महाशिवरात्रि के दिन घोषित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *