
बिजनौर जिले के कोतवाली शहर क्षेत्र अंतर्गत नवलपुर गांव में बीते सोमवार रात एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. प्रेम विवाह से नाराज एक युवक ने अपने ही जीजा को गोली मार दी, जिससे गांव में हड़कंप मच गया. घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है.
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 22 वर्षीय विशाल रात करीब आठ बजे अपने मकान के बाहर बैठकर मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था. इसी दौरान उसका सगा साला वहां पहुंचा और कहासुनी के बाद तमंचे से फायर कर दिया. गोली विशाल के शरीर के दाहिने हिस्से में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा.
8 महीने पहले की थी लव मैरिज
घटना की वजह प्रेम विवाह बताया जा रहा है. विशाल ने करीब आठ महीने पहले गांव की युवती अनामिका से कोर्ट मैरिज की थी. इस शादी को लेकर परिवार के कुछ सदस्य, विशेषकर साला लगातार नाराज चल रहा था. पुलिस का मानना है कि इसी पारिवारिक नाराजगी ने वारदात का रूप ले लिया.
युवक की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया. वहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.
सीओ सिटी ने दी जानकारी
सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि नवलपुर गांव में आपसी पारिवारिक विवाद के चलते गोली चलने की सूचना मिली थी. पुलिस ने तत्काल घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. लव मैरिज से नाराज होकर साले ने जीजा को गोली मार दी और फरार हो गया. आरोपी की तलाश की जा रही है.
