दिल्ली में बारिश, नोएडा में गिरे ओले… आसमान में गरज-चमक के साथ बढ़ी ठंड, IMD का रेड अलर्ट

दिल्ली में बारिश, नोएडा में गिरे ओले… आसमान में गरज-चमक के साथ बढ़ी ठंड, IMD का रेड अलर्ट

दिल्ली-NCR में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है. मंगलवार सुबह से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है. यही नहीं नोएडा में तो आज शाम पांच बजे के करीब ओले भी गिरे, जिससे ठंड काफी बढ़ गई है. मौसम विभाग ने NCR के कुछ इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है तो कुछ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. IMD के मुताबिक, अभी दो दिन मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है.

बता दें कि बीती 23 जनवरी को भी दिल्ली NCR में इसी तरह से बारिश हुई थी. फिर तीन दिन 24, 25 और 26 जनवरी को मौसम साफ रहा. आज 27 जनवरी की सुबह रिमझिम-रिमझिम बारिश होने लगी, जो दोपहर तक चली. दोपहर बाद आसमान थोड़ा साफ हुआ, लेकिन तेज हवा के चलते लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया. शाम होते-होते एक बार फिर बारिश शुरू हुई. इस बार बारिश काफी तेज शुरू हुई.

दिल्ली-NCR के नोएडा, कालिंदी कुंज, बदरपुर और शाहीन बाग इलाके में ओले भी गिरे. तेज गति से पड़े ओलों ने सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर लगाया ब्रेक. वहीं ओलावृष्टि के बाद तेजी से तापमान गिर गया और ठंड काफी बढ़ गई. बात करें नोएडा की तो यहां ओलावृष्टि होने से ठिठुरन बढ़ गई है. ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि नारनौल समेत कई इलाकों में ओलावृष्टि होने से फसलों को भारी नुकसान हुआ है.

वहीं अचानक बदले मौसम और दिनभर से हो रही बारिश ने आम लोगों की मुश्किलें काफी बढ़ा दीं. अपने ऑफिस काम पर जाने वाले लोगों को सुबह से ही बारिश का सामना करना पड़ा. उत्तर प्रदेश के नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में बारिश और ओलावृष्टि के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, आज नोएडा का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

ओलावृष्टि ने किसानों की बढ़ाई चिंता

नोएडा, ग्रेटर नोएडा में ओलावृष्टि होने के बाद किसानों की चिंता बढ़ गई है. ग्रेटर नोएडा के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में खड़ी फसलों को ओलावृष्टि के चलते नुकसान पहुंचाने की आशंका है. किसानों का कहना है कि अगर ओलावृष्टि एक-दो दिन और हो गई तो सरसों की फसल और सब्जियों को भारी नुकसान पहुंच सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *