डिलीवरी के दौरान नवजात की गर्दन हुई धड़ से अलग, मां के गर्भाशय में ही रह गया गला; शरीर निकला..

डिलीवरी के दौरान नवजात की गर्दन हुई धड़ से अलग, मां के गर्भाशय में ही रह गया गला; शरीर निकला..

बुलंदशहर: यूपी के बुलंदशहर स्थित थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के नई बस्ती मोहल्ले में प्रसव के दौरान एक नवजात की गर्दन धड़ से अलग हो गई। घटना के बाद मृत नवजात के शरीर के बाकी हिस्से को बोरे में पैक कर फेंकने का प्रयास किया गया। परिजनों ने डॉक्टर और आशा पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर आशा वर्कर और एक झोलाछाप महिला डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

नवजात की मौत की भयानक घटना
सूत्रों के अनुसार, नई बस्ती मोहल्ले में एक महिला का प्रसव हो रहा था। प्रसव के दौरान कथित तौर पर डॉक्टर और आशा की लापरवाही से नवजात की गर्दन उसके धड़ से अलग हो गई। महिला के गर्भाशय में नवजात की गर्दन रह गई, जबकि बाकी शरीर बाहर आ गया। इस भयावह घटना के बाद, महिला डॉक्टर और आशा वर्कर ने नवजात के शव को बोरे में भरकर फेंकने की योजना बनाई। हालांकि, परिजनों को घटना की जानकारी होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को बुलाया।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, महिला की हालत नाजुक
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आशा वर्कर और झोलाछाप महिला डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस घटना के बाद जच्चा महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे बेहतर उपचार के लिए एक हायर मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। इस घटना ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *