लखनऊ में BJP विधायक के भतीजे ने किया सुसाइड, फ्लैट में पंखे से लटकता मिला शव; वजह क्या?

लखनऊ में BJP विधायक के भतीजे ने किया सुसाइड, फ्लैट में पंखे से लटकता मिला शव; वजह क्या?

राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में बीजेपी विधायक विनय कुमार द्विवेदी के भतीजे शिवम त्रिपाठी (30) का शव उसके किराए के फ्लैट में पंखे से लटकता मिला. सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी. परिजनों ने इसे आत्महत्या बताया और आरोप लगाया कि शिवम अपने बिजनेस पार्टनर्स की धोखाधड़ी और पैसे के घपले से मानसिक रूप से बेहद परेशान था.

बता दें कि मृतक शिवम गोंडा जिले की मेहनौन विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक विनय कुमार द्विवेदी के साले का बेटा था. शिवम का परिवार बलरामपुर का रहने वाला है. वर्तमान में शिवम सुशांत गोल्फ सिटी स्थित रिश्ता मैनहट्टन सोसाइटी के टावर A-2 के फ्लैट नंबर 407 में अकेले किराए पर रहता था. पुलिस के अनुसार, एक फरवरी की शाम मकान मालिक फ्लैट पर किराया लेने पहुंचा. काफी देर तक कॉल, बेल बजाने और आवाज लगाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो उसे शक हुआ.

फ्लैट में नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

उसने सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड को बुलाया और वीडियो बनाते हुए दरवाजा तोड़वाया. अंदर पहुंचते ही शिवम का शव बेडशीट के सहारे पंखे से लटका देखकर सभी सन्न रह गए. मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाया. शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया गया. मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ. पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.

जांच में जुटी सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस

सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए. उनके मुताबिक, शिवम प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था और उसके कुछ बिजनेस पार्टनर्स ने उसके साथ धोखाधड़ी की थी. बड़ी रकम का घपला किया गया था, जिसके चलते शिवम लंबे समय से परेशान था. कई बार पैसे मांगने पर भी पार्टनर्स ने कोई जवाब नहीं दिया. परिजनों ने थाने में तहरीर देकर आरोपी पार्टनर्स के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की.

एक हफ्ते पहले इंस्टा पर पोस्ट किया था वीडियो

वहीं बीती 24 जनवरी को शिवम ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह जिम करते नजर आ रहा था. कैप्शन में लिखा था, “आपका बुरा भगवान नहीं, हम करेंगे.” बैकग्राउंड में गाना चल रहा था… “हम थोड़े अलग किस्म के आदमी हैं भक्त जी. सब काम भगवान के भरोसे नहीं छोड़ते हैं. अगर हमारा बुरा आपने किया है तो भरोसा रखें आपका बुरा भगवान नहीं हम ही करेंगे.”

शिवम के परिवार में कौन-कौन?

परिजनों का कहना है कि यह पोस्ट शिवम की मानसिक स्थिति को दर्शाती है. शिवम के फूफा विनय कुमार द्विवेदी गोंडा की मेहनौन सीट से मौजूदा भाजपा विधायक हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने सपा उम्मीदवार को हराकर लगातार दूसरी बार जीत हासिल की थी. परिवार में शिवम के पिता राजेश त्रिपाठी, मां, छोटा भाई प्रखर और अभिषेक हैं. परिवार के कुछ अन्य सदस्य पहले एमएलसी चुनाव भी लड़ चुके हैं. पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *