उत्तराखंड में HRTC बस 400 फीट गहरी खाई में गिरी, 4 की मौत, 30 घायल… CM ने दिए एयरलिफ्ट के आदेश..

उत्तराखंड में HRTC बस 400 फीट गहरी खाई में गिरी, 4 की मौत, 30 घायल… CM ने दिए एयरलिफ्ट के आदेश..

उत्तराखंड से दुखद सड़क हादसे की बड़ी खबर सामने आई है. यहां आज सुबह करीब 9:30 बजे हिमाचल प्रदेश के नेरवा डिपो की बस (HP-66A-2588) कवानू क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई. हरिपुर-कोटी-मीनस मार्ग पर बस अनियंत्रित होकर शूदोई खड्ड में जा गिरी. दिल दहला देने वाली इस घटना में अब तक 4 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग घायल हैं.

बताया जा रहा है कि बस में करीब 31 से 34 यात्री सवार थे. कवानू के पास एक संकरे मोड़ पर दूसरी गाड़ी को पास देते समय चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और बस सीधे गहरी खाई में जा समाई. बस के कंडक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत फोन कर पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया.

रेस्क्यू ऑपरेशन और प्रशासन की मुस्तैदी

हादसे की जानकारी मिलते ही हिमाचल और उत्तराखंड पुलिस के साथ-साथ SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं. स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले रेस्क्यू अभियान शुरू किया और घायलों को मलबे से बाहर निकाला. खाई गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा. घायलों को एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में पहुंचाया गया है.

सीएम सुक्खू ने दिए एयरलिफ्ट के निर्देश

हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने डीसी शिमला से फोन पर बात कर राहत कार्यों का जायजा लिया और स्पष्ट निर्देश दिए- गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए तुरंत हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट किया जाए. घायलों के उपचार में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए. प्रभावित परिवारों को तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *