
यूपी के जलशक्ति मंत्री स्वतन्त्र देव सिंह को कथित तौर पर बंधक बनाने वाले बीजेपी विधायक ब्रजभूषण राजपूत के बगावती सुर अब भी है। महोबा में ब्रजभूषण राजपूत ने कहा कि मेरे लिए किसी को बंधक बनाना आम बात है। विधायक बनने से पहले काम न करने वाले अधिकारियों को चूड़ियां और पेटीकोट तक पहनवा चुका हूं।
भाजपा विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने कहा कि जनता और विकास की बात मैं कमरे में क्यों करूं, जनता की बात है तो सड़क पर क्यों नहीं कर सकता हूं। अगर मैं सड़क पर बात कर रहा हूं तो आपको गुस्सा क्यों आ रहा है। लोग क्रोधित क्यों हो रहे हैं। उनके (मंत्री स्वतन्त्र देव सिंह) समर्थनों को दिक्कत क्या हो रही है। मैं ठेका मांग नहीं रहा, पट्टा मांग नहीं रहा हूं, आपसे पदोन्नति की बात कर नहीं रहा हूं तो आपको दिक्कत नहीं होनी चाहिए। वो कहते हैं बंधक बनाए। पहले तो मैं आपको बताऊं कि आप लोगों ने मेरा केवल विधायक वाला रूप ही देखा है। लोग मुझे विधायक के तौर पर ज्यादा जानते हैं।
ब्रजभूषण राजपूत ने कहा कि बीजेपी में आने से पहले मैं बुंदेलखंड अधिकार सेना चलाता था। जब से बीजेपी का सदस्य बना हूं। बहुत अनुशासन में रहता हूं। इससे पहले का आप मेरा इतिहास पता करें। जो अधिकारी काम नहीं करता था, उनको हम चूड़ियां और पेटीकोट पहनवा देते थे। किसी को बंधक बनाना मेरे लिए कोई बड़ी बात नहीं है। जब मैं विधायक नहीं था तो कांग्रेस सरकार में केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन को बंधक बनाया था। प्रदीप जैन को झांसी जाकर उनके घर में बंधक बना लिया था। उन्हें तो छोड़ा जब मेरी मांगे मानी गई।
