औरंगाबाद: जुनैद हत्याकांड में औरंगाबाद पुलिस को मिली बड़ी सफलता, चार हत्यारोपी गिरफ्तार 

औरंगाबाद: जुनैद हत्याकांड में नगर थाना की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हत्याकांड के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर – 13 अलीनगर निवासी मो. दानिश आलम, मो. रागीब, गया जिले के अलीनगर नाज हॉल निवासी फरहान खान एवं रोहतास जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के विसनपुरा निवासी शहजाद हुसैन उर्फ मिस्टर के रूप में की गई है. इनके पास से देसी पिस्टल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस सहित अन्य अवैध सामान बरामद किया गया है.

प्रेसवार्ता के दौरान ट्रैफिक पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि 30 जनवरी को नगर नवाडीह मोड़ के पास बाइक सवार अपराधकर्मियों के द्वारा गैलेक्सी मेडिकल के मालिक मो. जुनैद अहमद को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार पांडे के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया.

गठित एसआईटी के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी विश्लेषण एवं उपयुक्त साक्ष्यों के आधार पर कांड में संलिप्त 3 अभियुक्तों (मो. दानिश आलम, मो. रागीब, फरहान खान) को नगर थाना अंतर्गत ओवर ब्रिज के पास से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अभियुक्त दानिश आलम ने बताया कि मो. जुनैद की हत्या भाड़े के शूटर शहजाद हुसैन उर्फ मिस्टर एवं मिस्टर के दोस्त से कराने में मो. रागीब और फरहान खान की महत्वपूर्ण भूमिका है. मो. जुनैद की हत्या जिस हथियार से हुई है वह हथियार अलीनगर वार्ड नंबर -13 स्थित मेरे घर में रखा हुआ है.

कार्रवाई के फलस्वरूप पुलिस ने दानिश के घर से 2 देसी पिस्टल, 1 देसी कट्टा, 129 जिंदा कारतूस और 6 मैगजीन बरामद किया गया. उसने बताया कि मो. जुनैद की हत्या करने वाला शूटर शहज़ाद हुसैन उर्फ मिस्टर दाउदनगर से गाड़ी पकड़कर कही भागने वाला है, तत्पश्चात गठित एसआईटी के द्वारा दाउदनगर थाना के तरारी पुल के पास से विधिवत गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अभियुक्त मो. रागीब एवं फरहान खान के द्वारा मो. जुनैद की हत्या करने के लिए शूटर शहज़ाद हुसैन उर्फ मिस्टर एवं अन्य एक अपराधकर्मी को बाइक, हथियार एवं गोली उपलब्ध कराई गई थी.

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि 31 जनवरी को इस कांड में संलिप्त एक अन्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना-अपना अपराध स्वीकार किया है. आवश्यक कार्रवाई के उपरांत गिरफ्तार चारों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इस कार्रवाई में नगर सर्किल इंस्पेक्टर फ़हीम आजाद, प्रभारी नगर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सहित अन्य शस्त्र बल शामिल थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *