सिद्धार्थनगर: जिले के कठेला समय माता थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरी नाले में गुरुवार को मिली अज्ञात किशोरी की लाश की शिनाख्त शुक्रवार को हो गई है. मृतका की पहचान 16 वर्षीय अंशिका के रूप में हुई है, जो धोबहा (पठान डीह टोला डिहवा) की निवासी थी. शव अत्यंत संदेहास्पद स्थिति में मिलने के कारण क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. ग्रामीणों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है.
घटना का खुलासा गुरुवार को तब हुआ जब कठेला जुनूबी गांव के पोखरभिटवा टोले के कुछ लोग अपने मवेशियों को चराने सिकरी नाले की तरफ गए थे. वहां उन्होंने पानी में मुंह के बल पड़ा एक नग्न शव देखा. शोर मचने पर भारी भीड़ जमा हो गई और सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभय सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने भी घटनास्थल का मुआयना किया.
फोरेंसिक जांच और साक्ष्य संकलन
पुलिस ने नाले से शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. जांच के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर किशोरी के कपड़े और जूते बरामद हुए हैं, जिन्हें फोरेंसिक टीम ने कब्जे में ले लिया है. टीम ने नाले के किनारे की मिट्टी और घास के नमूनों की भी बारीकी से पड़ताल की है ताकि घटना के समय मौजूद सुरागों को जुटाया जा सके.
तीन दिन से लापता थी अंशिका
शुक्रवार को शिनाख्त के दौरान पता चला कि अंशिका के माता-पिता (पटवारी और रेखा देवी) का पहले ही देहांत हो चुका है. परिजनों के अनुसार, वह बीते 3 फरवरी को घर से अचानक लापता हो गई थी. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला था. अब घर से करीब 4 किलोमीटर दूर उसकी लाश मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और रेप की पुष्टि हो सकेगी. पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
