टॉयलेट करने उतरे 7 लोगों को कंटेनर ने रौंदा, 6 की मौत

टॉयलेट करने उतरे 7 लोगों को कंटेनर ने रौंदा, 6 की मौत

उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर एक कंटेनर ने सात लोगों को रौंद दिया। इनमें से छह की मौत हो गई और एक की हालत गंभीर बनी हुई है। ये सभी लोग टॉयलेट करने के लिए बस से उतरे थे। बस दिल्ली से कानपुर जा रही थी। हादसा थाना सुरीर इलाके के यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 88 के पास हुआ। बताया जा रहा है कि टैंकर बेहत तेज रफ्तार में था। इसी वजह से ड्राइवर वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और बस के पास खड़े लोगों को कुचल दिया। लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और घटना की जांच शुरू कर दी है। घटना सुबह करीब पौने तीन बजे हुई।
जिस बस के यात्रियों को टैंकर ने कुचला है, वह दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही थी। सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास यात्रियों ने ड्राइवर से बस रोकने को कहा। ड्राइवर ने ग्रीन जोन में न रोककर रास्ते में ही बस रोक दी। यात्री बस से नीचे उतरे ही थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को रौंद दिया।
हादसे के बाद मौके पर ही औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष व दो अन्य लोगों की मौके पर मृत्यु हो गई, जबकि हादसे में औरैया के बेला निवासी अमर दुबे घायल हो गए।
यमुना एक्सप्रेस वे पर पिछले महीने भी दो बड़े हादसे हुए थे। 22 जनवरी को मथुरा क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर कोच/डबल-डेकर बस में अचानक आग लग गई थी। माइलस्टोन 110 के पास हुई घटना में सभी यात्री बाल-बाल बच गए थे। हादसे का शिकार हुई बस में 60 से ज्यादा यात्री सवार थे। कई यात्रियों ने बस से कूदकर जान बचाई थी। वहीं, 28 जनवरी को घने कोहरे के चलते कई वाहन आपस में टकरा गए थे। कुल 7 बसें और 3 कारें एक के बाद एक टकराई थीं। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हुई थी और कई अन्य घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *