मैहर: खेत में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी… जांच में जुटी पुलिस

मैहर: जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत हनुमान टोला क्षेत्र में उस वक्त मातम पसर गया, जब एक 32 वर्षीय युवक का शव उसके ही खेत में पेड़ से लटका पाया गया.

मृतक शनिवार दोपहर घर से दवाई लेने की बात कहकर निकला था, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है.

दवाई लेने बाजार जाने का कह कर निकला था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हनुमान टोला निवासी सागर कोल (32), पिता लच्छू कोल के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि सागर मैहर देवी धाम क्षेत्र में सामान बेचने का काम करता था. शनिवार दोपहर उसने परिवार को बताया कि वह मैहर बाजार से कुछ दवाइयां लेने जा रहा है.

तलाश के दौरान खेत में मिला शव
जब देर शाम तक सागर घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की. तलाश के दौरान गांव के पास ही स्थित उनके अपने खेत में लगे एक कैथा के पेड़ पर सागर का शव फंदे से लटका हुआ मिला. इस भयावह दृश्य को देख परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी.

पुलिस की कार्रवाई और जांच
कोतवाली पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए. पुलिस की मौजूदगी में शव को फंदे से उतारकर मर्चुरी भेजा गया, जहां रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है. पुलिस मर्ग कायम कर मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *