ब्यावर: जिला ब्यावर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक में बनाए गए गुप्त खांचे से डोडा पोस्त की भारी खेप बरामद की है. पुलिस ने इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थ का कुल वजन 454 किलो 850 ग्राम बताया गया है.
पुलिस अधीक्षक ब्यावर ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस थाना ब्यावर सदर को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध मादक पदार्थ परिवहन किया जा रहा है. सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका गया. जांच के दौरान ट्रक के भीतर बने गुप्त खांचे में छिपाकर रखे गए डोडा पोस्त के कट्टे बरामद किए गए. पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जब्त कर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है. इस कार्रवाई में पुलिस थाना ब्यावर सदर की टीम की अहम भूमिका रही. पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
