सिलाई मशीन–चूल्हा’ की आड़ में चल रही थी शराब तस्करी, पुलिस ने खोली पोल

डूंगरपुर : जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन स्वच्छता और एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत बिछीवाड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है.पुलिस ने रतनपुर बॉर्डर पर कार्रवाई करते हुए एक आयशर ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है.तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए शराब के कार्टन को सिलाई मशीन, गैस चूल्हा और अन्य घरेलू सामान के पीछे छिपा रखा था.जब्त की गई शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई जा रही है.
– ​मुखबिर की सूचना पर नाकेबंदी
​बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाशचंद्र सोनी के नेतृत्व में रतनपुर चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ मय जाब्ता रतनपुर बॉर्डर पर नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे.इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि उदयपुर की ओर से एक आयशर ट्रक अवैध शराब भरकर गुजरात की ओर जा रहा है.सूचना मिलते ही पुलिस टीम सतर्क हो गई और जैसे ही उक्त ट्रक नाकेबंदी स्थल पर पहुँचा, उसे हाथ का इशारा देकर रुकवाया गया.
– ​तलाशी में खुली पोल, आरोपी गिरफ्तार
​ट्रक रुकने के बाद जब चालक से पूछताछ की गई, तो उसने ट्रक में सिलाई मशीन और गैस चूल्हे होने की बात कही.पुलिस ने जब ट्रक की गहराई से तलाशी ली, तो घरेलू सामान के नीचे छिपाकर रखे गए विभिन्न ब्रांड के 101 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुए.इस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक दरियाव सिंह पुत्र लखा सिंह रावत, निवासी बिलियावास जवाजा, जिला ब्यावर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और शराब को अपने कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है.
​इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक अब्दुल मुनाफ, कांस्टेबल कपिल, कुंदन सिंह, युवराज सिंह और फतहलाल शामिल रहे.जिला पुलिस अधीक्षक ने टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *