लखीमपुर खीरी: लल्हौआ निवासी परचून व्यापारी की संदिग्ध मौत, हत्या व आत्महत्या दोनों एंगल पर जांच जारी

लखीमपुर खीरी: मितौली थाना क्षेत्र के ग्राम लल्हौआ निवासी परचून व्यापारी मनीष राठौर (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई. घटना उस समय हुई जब मनीष अपनी मोटरसाइकिल से घर से मितौली दुकान का सामान लेने जा रहा था. लल्हौआ–तेंदुआ पुलिया के बीच वह घायल अवस्था में मिला. मौके पर उसकी मोटरसाइकिल गांव की ओर घुमाकर खड़ी मिली तथा हाथ में 315 बोर का तमंचा भी पाया गया.

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी मितौली यादवेंद्र यादव व प्रभारी निरीक्षक महेश पाठक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए शव विच्छेदन गृह लखीमपुर खीरी भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है, फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठ सकेगा.

मृतक के पिता वेदनाथ के तीन पुत्रों में मनीष सबसे छोटा था. गांव में उसकी परचून की दुकान थी जो अच्छी चलती थी, साथ ही वह ब्याज पर भी रुपये देता था. परिवार में पत्नी, छह वर्षीय पुत्र कार्तिक व वृद्ध माता-पिता हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *