वर्दी पहनने से पहले बना दूल्हा, बिहार में एक और ‘पकड़ौआ विवाह’, वीडियो में देखें शादी के दौरान कैसे रहा बेसुध?

वर्दी पहनने से पहले बना दूल्हा, बिहार में एक और ‘पकड़ौआ विवाह’, वीडियो में देखें शादी के दौरान कैसे रहा बेसुध?

बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बार फिर कथित ‘पकड़ौआ विवाह’ का मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवक का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह नशे की हालत में शादी की रस्म निभाता दिखाई दे रहा है. दावा किया जा रहा है कि युवक का अपहरण कर जबरन विवाह कराया गया.

समस्तीपुर के पटोरी थाना क्षेत्र का मामला

यह पूरा मामला समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के चकराज अली गांव से जुड़ा बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. आरोप है कि एक युवक को जबरन उठा कर उसकी शादी करा दी गई.बताया जा रहा है कि चकराज अली गांव निवासी शंकर राय की पुत्री लक्ष्मी कुमारी का विवाह शिउरा पंचायत के जोड़ी पोखर गांव निवासी कालेश्वर राय के पुत्र नीतीश कुमार से कथित तौर पर जबरन कराया गया. इस घटना की जानकारी खुद युवक ने वीडियो जारी कर दी.

वीडियो में नशे की हालत में दिखा दूल्हा

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नीतीश कुमार पूरी तरह नशे में दिखाई दे रहा है. वह अपने होश में नहीं लग रहा और ‘वरमाला’ की रस्म निभाने में असमर्थ नजर आ रहा है. वीडियो में यह भी दिखता है कि वह खुद माला पकड़ नहीं पा रहा, जिसके बाद एक अन्य युवक उसका हाथ पकड़कर जबरन लड़की के गले में माला पहनाता है. इस दृश्य ने लोगों को चौंका दिया है और सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

दूल्हे ने वीडियो में बताई आपबीती

वीडियो में नीतीश कुमार खुद को पीड़ित बताते हुए कहता है कि 7 फरवरी को वह लाइब्रेरी जा रहा था. इसी दौरान गांव के कुछ युवकों ने उसे जबरन उठा लिया. उसका आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ दिया गया और मारपीट की गई. नीतीश का कहना है कि इसके बाद मोरवा प्रखंड स्थित खुदनेश्वर स्थान मंदिर में उसकी जबरन शादी करवा दी गई. उसने यह भी आरोप लगाया कि विवाह के बाद उसे घर में बंद कर दिया गया ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके.

पुलिस ने शुरू की जांच

मामला सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने नीतीश कुमार को कथित ससुराल से निकालकर थाना लाकर पूछताछ शुरू कर दी है. पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पटोरी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने मीडिया को बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाह सहमति से हुआ या जबरदस्ती. साथ ही वायरल वीडियो में किए गए दावों की सत्यता की भी जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *