
उत्तर प्रदेश के अमरोहा के हसनपुर में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली का बयान सियासी हलकों में चर्चा का विषय बन गया। अमरोहा की हसनपुर तहसील पहुंचे शौकत अली ने मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी पार्टी को बीजेपी की ‘B’ टीम बताए जाने पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने ऐसे लोगों को कार्यकर्ताओं की तरफ से जूते से मारने की धमकी दे डाली। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
AIMIM को BJP की बी टीम कहे जाने वाले सवाल पर शौकत अली ने कहा, ‘ये इल्जाम कांशीराम पर भी लगाया गया था। बी टीम कोई साबित कर देगा, तो हमारे कार्यकर्ता जूता लेकर तैयार हैं। जो ये बात बोलेगा हमारे कार्यकर्ता उसे जूता निकलकर मारेंगे। जिस तरह से बिहार में जूता मारा गया, उसी तरह से महाराष्ट्र में भी जूता मारा गया। वो ही जूता यहां भी मारा जाएगा 2027 में, जो हमें बी टीम कहेगा।’
AIMIM के टिकट भाजपा फाइनल करती है’ वाले सवाल के जबाव में शौकत अली ने कहा कि ये बात वो लोग करते हैं जो मुरादाबाद में शराब की दुकानें चलाते हैं। बार चलाते हैं। वही लोग और उनके कार्यकर्ता ही ये बात करते होंगे।
जान लें कि शौकत अली अपने विवादास्पद बयानों को लेकर चर्चा में बन रहते हैं। हाल ही में शौकत अली ने ‘हम दो, हमारे दो दर्जन’ का नारा दिया था। उन्होंने मुसलमानों से अधिक बच्चे पैदा करने की अपील भी की थी। शौकत अली बोले थे कि हम तो कहेंगे कि आप अधिक से अधिक बच्चे पैदा करें। अल्लाह दे रहे हैं तो लीजिए। जिन लोगों के बच्चे नहीं होते, उनसे कोई चौखट नहीं बचती, जहां वे अपना माथा नहीं टेकते। अल्लाह बच्चों को जब तक दे रहा है, तब तक उसे लेते रहिए।
उन्होंने आगे कहा कि लोग थोड़ा परेशान होते हैं कि हमारी जनसंख्या बढ़ रही है। जितनी जनसंख्या बढ़ेगी, देश उतना मजबूत होगा। चीन की जनसंख्या ज्यादा है तो वह मजबूत है। साथ ही उन्होंने गर्व के साथ बताया कि उनके खुद के 8 बच्चे हैं, जबकि उनके बड़े भाई जिनका निधन हो चुका है, उनके भी 16 बच्चे हैं। हमारी वालिदा की उम्र 97 साल है और उनके कम से कम 72 नाती और पोते हैं, वो भी 6-6 फिट के।
