यूपी में शिक्षिका ने कमरे में लगाई फांसी, कुछ समय बाद होनी थी शादी; जांच में जुटी पुलिस

यूपी के थाना सदर बाजार क्षेत्र के चिनौर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 25 वर्षीय शिक्षिका का शव उनके कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला. मृतका की पहचान चिनौर निवासी संभवी शुक्ला पुत्री उमेश शुक्ला के रूप में हुई है. बताया गया कि संभवी की कुछ समय बाद शादी होने वाली थी, जिससे परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस घटना ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया. घर के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.

परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात संभवी अपने कमरे में अकेली सोई थीं. सुबह जब उनकी मां सरोजनी बेटी को जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. बेटी का शव फांसी पर लटका देख उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए.

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में ले लिया. पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन भी जांच के लिए कब्जे में लिया है. प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है.

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल की जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *