बच्चों का डेंजर सफर… एक स्कूटी पर सवार 5 छात्र, सड़क पर मस्ती में चलते दिखे; गाजियाबाद का Video वायरल

बच्चों का डेंजर सफर… एक स्कूटी पर सवार 5 छात्र, सड़क पर मस्ती में चलते दिखे; गाजियाबाद का Video वायरल

गाजियाबाद के इंदिरापुरम से एक हैरान करने वाला वीडियो वायरल हो रहा. एक स्कूटी पर स्कूल यूनिफॉर्म पहने पांच छात्र सवार दिखाई दे रहे हैं. पीछे चल रही कार में बैठे शख्स ने ये वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा. कोई इसे मजाक में स्कूटी पूल बता रहा है तो कुछ लोगों को अपना बचपन याद आ गया, लेकिन कई लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल भी उठा रहे हैं.

स्कूटी पर मस्ती करते दिखे छात्र

यूं तो गाजियाबाद की सड़कों पर जगह-जगह ट्रैफिक पुलिस तैनात रहती है. यदि कोई पिछली सीट पर भी बिना हेलमेट के बैठा है तो उसका फोटो खींचकर चालान हो जाता है, लेकिन एक स्कूटी पर सवार पांच छात्र बड़ी मस्ती में चलते जा रहे हैं. उन पर किसी की नजर तक नहीं पड़ रही है. इन छात्रों को किसी ने न तो रोका ही और न टोका ही. व्यस्ततम सड़क पर छात्रों के द्वारा स्कूटी दौड़ाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा.

वायरल वीडियो इंदिरापुरम थाना क्षेत्र का बताया जा रहा. लोग इस वीडियो पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं. कोई अपने स्कूल के दिनों को याद कर रहा था तो कोई इनके मां-बाप को सलाह देता नजर आ रहा था. वहीं वायरल वीडियो को ट्रैफिक पुलिस ने भी संज्ञान में लिया है.

वायरल वीडियो की जांच कर रही पुलिस

इंदिरापुरम थाना पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही. वीडियो में स्कूटी पर सवार सभी लड़के स्कूल की ड्रेस के अलावा नीले रंग का कोट पहने दिखाई दे रहे हैं. इस वीडियो को स्कूटी के पीछे चल रहे एक कार चालक ने रिकॉर्ड किया. फिर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वायरल वीडियो में नजर आ रहा कि सभी छात्र न तो ट्रैफिक नियमों का पालन कर रहे हैं और न ही अपनी सुरक्षा के लिए सिर पर हेलमेट लगाए हुए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *