
Image Source : FREEPIK
Holi 2026: होली दिवाली हिंदुओं के सबसे बड़े त्योहार हैं। इनकी तैयारियां महीनों पहले से शुरू हो जाती हैं। होली पर घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए जाते हैं। गली मोहल्ले में महिलाएं होली पर बनने वाली रेसिपीज की बातें करती और उन्हें बनाने में एक दूसरे की मदद करती भी नजर आती हैं। गांव या छोटे शहरों में होली से हफ्तों पहले ही पकवान बनाने की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। घरों से खाने-पीने की चीजों की खुशबू आने लगती है। अगर आप भी होली पर कुछ खास पकवान बनाना चाहते हैं तो जान लें होली पर क्या बनता है और होली पर बनने वाली डिशेज के क्या नाम हैं?
होली पर क्या क्या बनता है?
गुजिया- होली का त्योहार गुजिया के बिना अधूरा है। ज्यादातर घरों में आज भी महिलाएं खुद ही गुजिया बनाती हैं। बड़े परिवारों में तो लोग एक दूसरे के साथ मिलकर इन पकावनों को बनाते हैं। गांव में महिलाएं एक दूसरे के घर गुजिया बनवाने जाती हैं। लेकिन अब शहरों में लोग बाजार से गुजिया खरीदकर खाने लगे हैं। इसलिए होली पर गुजिया जरूर बनाएं।
मठरी-पपड़ी- होली पर बनने वाले व्यंजनों की लिस्ट लंबी है। मीठे के साथ कई तरह की नमकीन रेसिपी भी तैयार की जाती हैं। मठरी और पपड़ी होती पर जरूर बनती हैं। जिन्हें कुछ लोग नमक पारे भी कहते हैं। मैदा से तैयार की गई खस्ता मठरी होली पर जरूर बनाकर खाएं।
पापड़-चिप्स- होली मिलन का त्योहार होता है। लोग एक दूसरे के घर जाते हैं और उन्हें तरह-तरह के पकवान सर्व किए जाते हैं। इसके लिए घरों में खास पापड़ चिप्स तैयार किए जाते हैं। महिलाएं सूजी के पापड़, साबूदाना पापड़, चावल के पापड़ और आलू के पापड़ बनाती हैं। आलू की फसल आ चुकी होती है तो घरों में आलू के चिप्स भी बनाए जाते हैं।
बेसन की सेव और पपड़ी- कुछ जगहों पर बेसन की सेव और पपड़ी भी बनाई जाती हैं। बेसन की सेव से गुड़ के साथ लड्डू बनाए जाते हैं। वहीं बेसन की पपड़ी को बेलकर सेंक कर तैयार किया जाता है। जो लोग मैदा नहीं खाना चाहते वो बेसन की पपड़ी और सेव बना सकते हैं।
दड़ी वड़ा और कांजी- होली पर मौसम में हल्की गर्मी आने लगती है। इस दिन लोग दही वड़ा खाना पसंद करते हैं। दही वड़ा का स्वाद होली के त्योहार में रंग जमा देता है। वहीं ड्रिंक के तौर पर लोग कांजी सर्व करते हैं। ये दोनों चीजें पेट के लिए भी अच्छी होती है और होली पर लोग जरूर बनाते हैं।
पुआ और पकवान- जिन दिन मुख्य होली का त्योहार होता है, उस दिन ज्यादातर घरों में पकवान बनाएं जाते हैं। इसमें पूरियां, कचौड़ी, पुआ और खीर बनाई जाती है। पसंदीदा सब्जी और रायता के साथ आप त्योहार को खास बना सकते हैं।
