
बॉलीवुड की ‘धक-धक गर्ल’ माधुरी दीक्षित एक बार फिर सुर्खियों में हैं. अपनी शानदार एक्टिंग और जबरदस्त डांस के लिए पहचानी जाने वाली माधुरी इन दिनों पति श्रीराम नेने के साथ जापान में वेकेशन मना रही हैं. इस खास ट्रिप की कई प्यारी तस्वीरें और एक वीडियो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फैंस उनके इस ट्रैवल मूड को काफी पसंद कर रहे हैं.
माधुरी ने अपने पोस्ट के कैप्शन में फूजी का जिक्र करते हुए लिखा कि ‘ये जगह परंपराओं, मंदिरों, बर्फ और समुराई की कहानियों से भरी हुई है.’ तस्वीरों में कपल जापान की खूबसूरत वादियों में हाथ थामे मुस्कुराता नजर आ रहा है. पीछे बर्फ से ढका मशहूर माउंट फूजी दिखाई दे रहा है जो इस ट्रिप को और भी खास बना रहा है. शांत माहौल और नेचर के बीच दोनों की बॉन्डिंग साफ नजर आ रही है.
पोस्ट में एक वीडियो भी है जिसमें माधुरी और डॉ. नेने जापान की ट्रेडिशनल ड्रेस में नजर आ रहे हैं. डॉ. नेने हाथ में तलवार लेकर समुराई स्टाइल में पोज देते दिखते हैं वहीं माधुरी पूरे कॉन्फिडेंस और ग्रेस के साथ कैमरे के सामने मुस्कुरा रही हैं. फैंस इस कपल की केमिस्ट्री की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कुछ ही घंटों में पोस्ट पर हजारों लाइक्स और ढेरों कमेंट्स आ चुके हैं.
माधुरी ने अपने करियर की शुरुआत 1984 में फिल्म ‘अबोध’ से की थी. इसके बाद उन्होंने ‘तेजाब’, ‘दिल’, ‘साजन’, ‘बेटा’ और ‘दिल तो पागल है’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया और इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है. चार दशक से ज्यादा लंबे करियर में वह 70 से ज्यादा फिल्मों में नजर आ चुकी हैं. हाल ही में माधुरी वेब सीरीज ‘मिसेज देशपांडे’ में नजर आई थीं जिसमें उनके साथ प्रियांशु चटर्जी भी थे. इस शो का निर्देशन नागेश कुकुनूर ने किया था. ये सीरीज 19 दिसंबर को स्ट्रीम हुई थी. ओटीटी पर भी माधुरी का अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है.
माधुरी दीक्षित की फैन फॉलोइंग सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी जबरदस्त है. इंस्टाग्राम पर उनके 38 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं जो उनकी हर पोस्ट का बेसब्री से इंतजार करते हैं.
