
Image Source : UNSPLASH
जैसे-जैसे लोग हेल्दी लाइफस्टाइल की ओर बढ़ रहे हैं, वैसे-वैसे “फैंसी” फूड आइटम्स का ट्रेंड भी तेज़ी से बढ़ा है इन्हीं में से एक है पिंक साल्ट यानी कि सेंधा नमक। माना जाता है कि इसमें ज़्यादा मिनरल होते हैं, इसलिए कई लोग साधारण आयोडीन वाले नमक की जगह इसे इस्तेमाल करने लगे हैं। लेकिन यह बदलाव जितना हेल्दी दिखता है, उतना है नहीं। बेंगलुरु के फिटनेस कोच Ralston D’Souza ने 20 फरवरी को अपने पोस्ट में इसी मुद्दे को उठाते हुए लोगों को आगाह किया कि रोजमर्रा के उपयोग में आयोडीन युक्त नमक को पूरी तरह गैर-आयोडीन नमक से बदलना सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकता है।
पर्याप्त खनिज सामग्री नहीं:
गुलाबी नमक में ट्रेस मिनरल्स जरूर होते हैं, लेकिन उनकी मात्रा बेहद कम होती है। किसी भी पोषण लाभ के लिए इसे अधिक मात्रा में लेना पड़ेगा, जो स्वास्थ्य के लिए सही नहीं है। इससे लोगों को यह गलतफहमी हो सकती है कि वे ज्यादा मिनरल ले रहे हैं, जबकि वास्तव में वे आयोडीन जैसे जरूरी पोषक तत्व से वंचित हो सकते हैं। इसके अलावा, गुलाबी नमक की कीमत भी सामान्य आयोडीन युक्त नमक से लगभग दोगुनी होती है, यानी यह जेब पर भी भारी पड़ता है।
भारत में आयोडीन की कमी
आयोडीन की कमी भारत में कभी एक बड़ी पब्लिक हेल्थ समस्या थी। 1960 के दशक में इसकी वजह से थायरॉइड विकार, गर्भावस्था में जटिलताएं और बच्चों में मानसिक विकास रुकने जैसी गंभीर समस्याएं सामने आती थीं। इसी वजह से भारत में नमक का यूनिवर्सल आयोडीनीकरण अनिवार्य किया गया, जिसके बाद आयोडीन की कमी से होने वाली बीमारियों में गिरावट आई। आयोडीन थायरॉइड फंक्शन को सपोर्ट करने में अहम भूमिका निभाता है और इसकी कमी से Hypothyroidism और अन्य थायरॉइड डिसऑर्डर का खतरा बढ़ सकता है।
क्या करें?
सी-सॉल्ट, पिंक साल्ट या अन्य मिनरल सॉल्ट डाइट ट्रेंड के कारण आकर्षक लग सकते हैं, लेकिन रोज़मर्रा के इस्तेमाल के लिए आयोडीन युक्त नमक एक सस्ता, सुरक्षित विकल्प है। “फैंसी” दिखने वाला हर विकल्प बेहतर नहीं होता कई बार साधारण आयोडीन वाला नमक ही आपकी थायरॉइड हेल्थ और संपूर्ण पोषण सुरक्षा के लिए सबसे समझदारी भरा चुनाव है।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। Satya Report किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)
