J&K Terrorist Encounter: जम्मू कश्मीर में किश्तवाड़ जिले में रविवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद के 3 आतंकवादी मारे गए. अधिकारियों ने बताया कि मारे गए तीनों आतंकवादियों के शव बुरी तरह झुलस गए हैं क्योंकि वे जिस मिट्टी के मकान में छिपे हुए थे उसमें गोलीबारी के कारण आग लग गई थी. सुरक्षा एजेंसियों के प्रारंभिक आकलन में पता चला है कि मृतकों में जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) का एक कुख्यात कमांडर सैफुल्ला भी है.
जैश का टॉप कमांडर सैफुल्ला मारा गया
खबरों के मुताबिक, सैफुल्ला ने लगभग 5 साल पहले जम्मू कश्मीर में घुसपैठ की थी और तब से इस क्षेत्र में सक्रिय था. उस पर सुरक्षा बलों पर कई घातक हमलों की साजिश रचने का आरोप है. इनमें जुलाई 2024 का हमला भी शामिल है, जिसमें एक कैप्टन समेत 4 जवान शहीद हो गए थे. सैफुल्ला पहले भी कई मुठभेड़ों के दौरान बच निकला था. तीसरे आतंकवादी का शव और एक हथियार शाम को आतंकवादी के जले हुए ठिकाने से बरामद किया गया.
उत्तरी कमान के कमांडर ने की कार्रवाई की सराहना
इसके पहले सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने व्हाइट नाइट कोर के जवानों द्वारा 3 आतंकवादियों को मार गिराने के लिए की गई ‘तेज और सटीक’ कार्रवाई की सराहना की. भारतीय सेना ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘सेना के कमांडर ने दुर्गम क्षेत्र में दृढ़ साहस दिखाने के लिए जमीनी स्तर पर तैनात कमांडरों और सैनिकों की सराहना की है. उत्तरी कमान आतंकवाद मुक्त जम्मू कश्मीर सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.’ पोस्ट में कहा गया है कि चतरू बेल्ट के पासेरकुट इलाके में ‘त्राशी-1’ ऑपरेशन के दौरान आतंकवादियों को मार गिराया गया और 2 एके-47 राइफल और गोला-बारुद बरामद किए गए.
सेना की तरफ से दी गई ये जानकारी
व्हाइट नाइट कोर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘जम्मू कश्मीर पुलिस, खुफिया ब्यूरो और हमारे अपने सूत्रों से प्राप्त विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर, क्षेत्र में सक्रिय आतंकवादियों का पता लगाने और उन्हें मार गिराने के लिए किश्तवार क्षेत्र में ‘त्राशी-1’ ऑपरेशन के तहत एक सुनियोजित संयुक्त अभियान चलाया गया.’ काउंटर-इंटेलिजेंस फोर्स’ (सीआईएफ)-डेल्टा के जवानों ने पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के साथ करीबी समन्वय में आज सुबह लगभग 11 बजे दुर्गम इलाके में आतंकवादियों को चुनौती दी. सटीकता, निर्बाध तालमेल और दृढ़ आक्रामकता का प्रदर्शन करते हुए, जवानों ने मुठभेड़ स्थल पर अपना दबदबा कायम किया, जहां 3 आतंकवादियों को मार गिराया गया.’
जम्मू क्षेत्र में इस साल मुठभेड़ों में 7 आतंकी ढेर
चतरू वन क्षेत्र में 18 जनवरी से अब तक आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच लगभग 6 मुठभेड़ हुईं, जिनमें एक सैनिक शहीद हो गया जबकि एक आतंकवादी मारा गया था. रविवार को तीन आतंकवादियों के मारे जाने के साथ ही, इस साल जम्मू क्षेत्र में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के कुल 7 आतंकवादियों को मार गिराया है. इससे पहले, 4 फरवरी को उधमपुर के रामनगर जंगल में 2 आतंकवादी मारे गए थे और 23 जनवरी को कठुआ के परहेतर गांव में एक आतंकवादी मारा गया था.
