Jaipur News: जमीनी विवाद के चलते 2 बेटों ने बाप को पीट-पीट कर उतारा मौत के घाट, शराब के नशे में वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी फरार

रिपोर्टर: मनोज अवस्थी

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के रेनवाल थाना इलाके के गुमानपुरा गांव में जमीन विवाद के चलते 2 बेटों ने शराब के नशे में अपने ही पिता की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पिता को मौत के घाट उतारने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पिता की मौत की खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। पड़ौसियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। पुलिस ने दोनो बेटों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

जमीनी विवाद में पिता की हत्या

पुलिस के अनुसार, मृतक अपने खेत की जमीन बेचने पर विचार कर रहे थे। इसी बात को लेकर उनके दोनों बेटे शंकर सिंह और अमर सिंह नाराज चल रहे थे। परिवार में पिछले कुछ दिनों से इसी मुद्दे को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी पिता और दोनों बेटों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि दोनों बेटे शराब के नशे में थे। विवाद बढ़ने पर उन्होंने पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट इतनी गंभीर थी कि पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

आरोपियों तलाश के लिए टीमें गठित

घटना की सूचना मृतक की पत्नी ने पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *