Jaipur Air Show: गुलाबीनगर में शौर्य और शक्ति का प्रदर्शन, सूर्यकिरण विमानों और सारंग हेलीकॉप्टर टीम ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

Jaipur Air Show: भारतीय वायुसेना ने रविवार को जयपुर के जलमहल इलाके में एयर शो का आयोजन किया जिसमें सूर्यकिरण विमानों और सारंग हेलीकॉप्टर की टीम ने अपने करतब से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. इस कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी शामिल हुए.

सारंग टीम ने 5 ध्रुव हेलीकॉप्टर के जरिए दिखाए कई करतब

नाहरगढ़ वायुसेना अड्डे से सारंग हेलीकॉप्टर टीम ने 5 ध्रुव हेलीकॉप्टर के जरिये आसमान में कई तरह के करतब दिखाए. इसके बाद इन हेलीकॉप्टर ने आई, क्रॉस, डॉल्फिन और डबल क्रॉस जैसी आकृतियां बनाई. सारंग टीम ने अपनी आखिरी प्रस्तुति में 5 हेलीकॉप्टर के साथ जयपुर को सलाम किया. फिर आसमान में तिरंगा बनाया.

सूर्यकिरण एरोबेटिक्स टीम ने भी कई आकृतियां बनाई

सूर्यकिरण एरोबेटिक्स टीम के 9 हॉक 132 विमान ने शुरुआत में तेजस रचना बनाई. ब्रह्मोस, क्रॉस और दिल की आकृति बनाकर लोगों को रोमांचित किया. सूर्यकिरण विमानों ने 100 फीट से लेकर 1000 फीट तक की ऊंचाई पर अलग-अलग आकृतियां बनाई.

राज्यपाल ने एयर शो को बताया ऐतिहासिक

राज्यपाल बागडे ने इस एयरशो को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अथक परिश्रम करने वाले सशस्त्र बलों के प्रति नागरिकों का सम्मान और भी मजबूत हुआ है. उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन ने लोगों में उत्साह भर दिया और ‘मां भारती’ के प्रति प्रतिबद्धता की भावना को फिर से जागृत किया है.

‘जयपुर में एयर शो होना हमारे शहर के लिए गर्व की बात’

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस मौके पर कहा, ‘जयपुर में एयर शो होना हमारे शहर के लिए गर्व की बात है. युवाओं में जोश और जुनून जगेगा. वे सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित होंगे.’ मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि सशस्त्र बलों की प्रतिष्ठा बढ़ रही है. उन्होंने बालाकोट एयर स्ट्राइक जैसे अभियानों को वायु सेना की वीरता और तत्परता के उदाहरण के रूप में उद्धृत किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *